All posts

investing

10 लाख कैसे जमा करें? 3, 5 या 10 साल में, पूरा हिसाब

10 लाख के लिए हर महीने कितना चाहिए, यह इस पर टिका है कि पैसा कब चाहिए। हर अवधि का हिसाब, पैसा कहाँ रखें, और ब्याज असल में कितना काम करेगा।

8 min readBy Nilay Kabariya · how we check this

1 लाख तक का रास्ता बचत से चलता है, और 1 करोड़ तक का SIP और समय से। 10 लाख ठीक बीच में है, और यहीं सबसे ज़्यादा लोग अटकते हैं। रकम इतनी बड़ी है कि सिर्फ़ बचाकर पहुँचने में सालों लगें, और इतनी पास भी कि बाज़ार का उतार-चढ़ाव डराए। इसलिए इस post में पहला सवाल 'कितना' नहीं, 'कब' है।

पहले तय कीजिए: 10 लाख कब चाहिए

  • 3 साल या कम: car, शादी, या घर का down payment जिसकी तारीख़ लगभग तय है। यह पैसा बाज़ार में नहीं, RD या FD जैसी जगह होना चाहिए।
  • करीब 5 साल: बीच का रास्ता। ज़्यादा हिस्सा सुरक्षित जगह, कुछ हिस्सा equity में।
  • 7 से 10 साल: यहाँ equity SIP का असर दिखने लगता है।

वजह सीधी है। Equity mutual fund किसी भी साल 20-30% गिर सकता है। जिस पैसे की तारीख़ तय है, उसके पास संभलने का समय नहीं होता।

हर महीने कितना: हर अवधि का हिसाब

दो अनुमान लिए गए हैं: 7% सालाना (RD, FD जैसी सुरक्षित जगहों के आसपास) और 12% सालाना (equity SIP का लंबी अवधि का आम अनुमान, गारंटी नहीं)। पैसा हर महीने की शुरुआत में डालने का हिसाब है।

  • 3 साल में 10 लाख: 7% पर ₹24,900 महीना · 12% पर ₹23,000
  • 5 साल में: ₹13,900 · ₹12,100
  • 7 साल में: ₹9,200 · ₹7,600
  • 10 साल में: ₹5,700 · ₹4,300

10 लाख में आपका पैसा कितना, ब्याज कितना

  • 3 साल, 7%: आपकी अपनी बचत ₹8.96 लाख, ब्याज ₹1.04 लाख
  • 5 साल, 7%: बचत ₹8.33 लाख, ब्याज ₹1.67 लाख
  • 10 साल, 12%: बचत ₹5.16 लाख, बढ़त ₹4.84 लाख

यही इस पूरे विषय का सबसे काम का सबक है। छोटी अवधि में 10 लाख का करीब 90% आपकी अपनी बचत से आता है, return से नहीं। 3 साल वाले लक्ष्य के लिए ज़्यादा return के पीछे भागना और उसके लिए risk लेना बेकार है; वहाँ असली lever बचत की रकम है। 10 साल में लगभग आधा पैसा return बनाता है, और वहीं equity का मतलब बनता है।

RD Calculator: अपनी monthly बचत पर maturity देखेंSIP Calculator: 7 से 10 साल का हिसाब

आपकी salary पर यह कितना भारी है

5 साल का लक्ष्य, 7% पर ₹13,900 महीना। In-hand salary के हिस्से के रूप में:

  • ₹40,000 salary: करीब 35%। ज़्यादातर घरों के लिए मुश्किल; लक्ष्य 7-8 साल का रखिए, या bonus और refund जोड़िए।
  • ₹60,000 salary: करीब 23%। कसकर, पर मुमकिन।
  • ₹1,00,000 salary: करीब 14%। आराम से।
In-hand salary calculator: CTC से हाथ में कितना आता है

आपकी monthly बचत से 10 लाख कितने साल में

  • ₹5,000 महीना: 7% पर करीब 11 साल · 12% पर करीब 9 साल
  • ₹10,000 महीना: 6.6 साल · 5.8 साल
  • ₹15,000 महीना: 4.8 साल · 4.2 साल
  • ₹20,000 महीना: 3.7 साल · 3.4 साल
  • ₹25,000 महीना: 3 साल · 2.8 साल

ध्यान दीजिए, ₹20,000 और ₹25,000 वाली lines में 7% और 12% का फ़र्क़ कुछ महीनों का ही है। अवधि छोटी हो, तो return का अनुमान बदलने से तस्वीर ज़्यादा नहीं बदलती।

पहले से कुछ जमा है? उसे गिनिए

मान लीजिए आज ₹2 लाख FD में हैं। 7% पर 5 साल में वे करीब ₹2.8 लाख बनेंगे। अब 10 लाख के लिए बाकी करीब ₹7.2 लाख चाहिए, यानी हर महीने करीब ₹10,000, ₹13,900 नहीं। पुराने पैसे को अलग मानकर नया plan बनाना सबसे आम ग़लती है; वह पैसा भी इसी लक्ष्य का हिस्सा है।

Lumpsum Calculator: पहले से जमा रकम कितनी बनेगी

पैसा कहाँ रखें

  • RD: हर महीने तय रकम, तय ब्याज। ब्याज आपकी slab के हिसाब से taxable है, और एक bank में साल का ब्याज ₹50,000 (senior citizen के लिए ₹1 लाख) से ऊपर जाए, तो bank TDS काटता है।
  • FD: पहले से जमा पैसे या bonus के लिए। टैक्स RD जैसा ही।
  • PPF: 15 साल का lock-in, इसलिए 3-5 साल वाले 10 लाख के लिए नहीं।
  • Equity mutual fund SIP: 7 साल या उससे लंबे लक्ष्य के लिए। 12 महीने बाद बेचने पर साल में ₹1.25 लाख तक का मुनाफ़ा टैक्स-free, उसके ऊपर 12.5%।

नियम एक है: तारीख़ जितनी पास, जगह उतनी सुरक्षित। 7-10 साल वाले लक्ष्य में भी आख़िरी 2 साल पैसा धीरे-धीरे equity से निकालकर FD या debt fund में ले आइए, ताकि आख़िरी साल की कोई गिरावट लक्ष्य न बिगाड़े।

RD या FD? कौन-सा कब बेहतर

10 लाख के रास्ते के 3 ख़तरे

  • बीच में तोड़ना: RD या FD समय से पहले तोड़ने पर ब्याज कटता है, और SIP बाज़ार गिरने पर रोकी, तो सस्ते भाव पर खरीदने का मौका भी जाता है।
  • बढ़ता खर्च: salary बढ़ी, खर्च भी उतना ही बढ़ा, और बचत वहीं की वहीं। हर increment का कम से कम आधा हिस्सा सीधे इस लक्ष्य में जोड़िए।
  • 'जल्दी डबल' वाली schemes: जो 10 लाख तक 1-2 साल में पहुँचाने का वादा करे, वह बचत नहीं, risk बेच रहा है।
पैसा डबल कैसे करें? Rule of 72 का पूरा सच

10 लाख के बाद

अगर 10 लाख किसी ख़ास खर्च के लिए था, तो वह खर्च हो जाने के बाद भी monthly बचत की आदत बंद मत कीजिए। वही रकम अगले, बड़े लक्ष्य में लगा दीजिए। आदत वही रहती है, बस मंज़िल बदलती है।

शुरुआत अभी से? पहले 1 लाख कैसे जमा करेंअगला पड़ाव: 50 लाख कैसे जमा करें1 करोड़ कैसे बनाएं: पूरा हिसाबPost Office में पैसा कितने साल में डबल होता है?

Frequently asked questions

5 साल में 10 लाख कैसे जमा करें?
7% सालाना पर हर महीने करीब ₹13,900, और 12% पर करीब ₹12,100। 5 साल के लक्ष्य के लिए ज़्यादातर पैसा RD या FD जैसी सुरक्षित जगह रखिए; पहले से जमा पैसा हो, तो monthly रकम कम हो जाती है।
10 साल में 10 लाख के लिए कितनी SIP चाहिए?
12% सालाना return मानकर करीब ₹4,300 महीना। RD जैसी 7% वाली जगह में करीब ₹5,700 महीना।
₹10,000 महीना बचाकर 10 लाख कितने साल में बनेंगे?
7% पर करीब 6.6 साल और 12% पर करीब 5.8 साल।
3 साल में 10 लाख कैसे जमा करें?
हर महीने करीब ₹23,000 से ₹25,000 चाहिए। 3 साल के लक्ष्य में equity का risk ठीक नहीं; RD या FD रखिए, और bonus या refund जोड़कर monthly बोझ घटाइए।
10 लाख जमा करने के लिए सबसे अच्छी जगह कौन-सी है?
यह तारीख़ पर टिका है: 3 साल या कम के लिए RD या FD, 7 साल या उससे लंबे लक्ष्य के लिए equity SIP, और बीच की अवधि में दोनों का मेल।

Educational content, not financial advice. Figures are illustrative and based on the rules current at the time of writing; verify specifics with a qualified advisor.

Free tools to try

Play · Market Racers

Learn to trade by playing — free

Reading is a start; feeling it sticks. Market Racers is a free trading game: read a live chart, protect each trade with a stop-loss, and race four rated rivals. Play money, no signup.

Play Market Racers

Keep reading